बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन)
बहरागोड़ा प्रखंड के बालिकुड़िया मौजा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में रांची क्लस्टर स्तर का कला उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ सुनील चंद ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस उत्सव में रांची क्लस्टर के 21 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कला उत्सव के दौरान कुल 6 श्रेणियों में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें गायन, नृत्य, नाटक और स्टोरी प्ले प्रमुख रहे। इसके अलावा विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पेंटिंग, पोट्रेट और स्कल्पचर जैसी आकर्षक कृतियों का प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जनार्दन सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस कला उत्सव के माध्यम से बच्चों की छिपी प्रतिभा सामने आती है। उन्होंने कहा कि “झारखंड की विविधता में पूरे भारत की झलक जवाहर नवोदय विद्यालय में देखने को मिलती है।”
कार्यक्रम में मुकेश कुमार, प्रिया प्रियदर्शनी, आकांक्षा सिंह, ब्यूटी सैकिया, स्वाति सामल, सीमा कुमारी, छोटेलाल कुशवाहा, सुदीप भौमिक, ब्रजेन बर्मन, आर. के. झा, सुशील यादव, सत्य प्रकाश यादव, प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार महतो, पूनम प्रिया समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।