Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: घटिया निर्माण सामग्री और मजदूरी विवाद पर दोबारा ठप हुआ डायट परिसर का काम, झामुमो नेताओं ने ठेकेदार को दी चेतावनी

Spread the love

चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया के डायट परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और मजदूरों को निर्धारित दर से कम मजदूरी दी जा रही है। इसी कारण शुक्रवार को नेताओं ने मौके पर पहुंचकर काम बंद करा दिया।

गुरुवार को भी इसी मुद्दे पर काम रोका गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह ठेकेदार ने मजदूरों को बकाया मजदूरी न देने की धमकी देकर दोबारा काम शुरू करा दिया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा, साहेबराम मांडी, राजा बारिक समेत अन्य नेता जब मौके पर पहुंचे तो मजदूरों ने सच्चाई बताई। इसके बाद नेताओं ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं होती और स्थल पर सूचना पट्ट नहीं लगाया जाता, तब तक काम पूरी तरह से बंद रहेगा।

नेताओं ने मजदूरों की मजदूरी का भी मुद्दा उठाया। जांच में सामने आया कि मजदूरों को केवल 300 रुपये प्रतिदिन दिए जा रहे हैं, जबकि सरकारी दर 405 रुपये प्रतिदिन है। इस पर नेताओं ने ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी कि मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें पूरा हक दिलाया जाएगा।

स्थिति को बिगड़ता देख ठेकेदार ने एक बार फिर काम बंद करा दिया। झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शिवचरण हांसदा ने कहा कि शनिवार को विभाग के कनीय अभियंता को मौके पर बुलाया गया है। प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय की मौजूदगी में निर्माण कार्य की विस्तृत जांच होगी, उसके बाद ही काम शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।