Responsive Menu
Add more content here...

जमशेदपुर: छायानगर में ठेला चालक की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने किया हंगामा

Spread the love

जमशेदपुर, संवाददाता।
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छायानगर में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 30 वर्षीय ठेला चालक राहुल भुइया की पड़ोसियों ने रॉड और डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में MGM अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान थाना प्रभारी निरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मुख्य आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर थाना ले गए।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे राहुल शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान पड़ोसी शिवम शर्मा और उसके चार-पांच सहयोगियों ने उन्हें चोर बताकर बुरी तरह पीट दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राहुल की मौके पर ही हालत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में उनके चार छोटे-छोटे बच्चे भी हैं, जिससे घर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।