रांची संवाददाता
झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के टेंडरों को लेकर भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि मंत्री के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग के टेंडरों में भारी अनियमितताएं हुई हैं और तीन कंपनियों को 15 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया।
अजय शाह ने दावा किया कि ये तीन कंपनियां एक ही परिवार से जुड़ी हैं और टेंडर प्रक्रिया पूरी तरह फिक्स की गई थी। इसमें शामिल कंपनियां हैं:
- हिंद इंफ्रा प्रोजेक्ट्स – डायरेक्टर: ख्वाजा अब्दुल गुदुर अहमद बट
- भारत आर्ट्स एंड सप्लायर्स – डायरेक्टर: ख्वाजा मोहसिन अहमद
- ग्लोबल आर्ट्स एंड सप्लायर्स – डायरेक्टर: ख्वाजा फरहान अहमद बट
शाह ने बताया कि ये कंपनियां रांची के पहाड़ी टोला इलाके से संचालित होती हैं, बावजूद इसके विभाग ने इन पर कोई कार्रवाई नहीं की।
जिलों में बार-बार वही कंपनियां
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दुमका, रांची, जामताड़ा, बोकारो और सरायकेला सहित कई जिलों में अस्पताल उपकरणों की खरीद और मरम्मत से जुड़े टेंडरों में बार-बार इन्हीं तीन कंपनियों को लाभ दिया गया। यदि किसी अन्य कंपनी ने आवेदन किया, तो उसे तुरंत रिजेक्ट या डिसक्वालिफाई कर दिया गया।
अजय शाह ने आरोप लगाया कि मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को अल्पसंख्यक विभाग में बदल दिया है और टेंडर देने में जाति और धर्म देखा जा रहा है।
11 टेंडरों में उजागर हुई गड़बड़ी
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सार्वजनिक किए गए 11 टेंडरों में लगभग 15 करोड़ रुपये इन तीन कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया। इसके अलावा कई टेंडर अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, जिससे मामले की असली गंभीरता और अधिक स्पष्ट होती है।
बीजेपी की मांग
भाजपा ने सभी 11 टेंडरों को तुरंत रद्द करने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही सवाल उठाया गया कि भट परिवार और मंत्री इरफान अंसारी के बीच क्या संबंध है, जो बार-बार इन्हीं कंपनियों को लाभ दिलाता रहा।
अजय शाह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में कार्रवाई नहीं करती है, तो भाजपा इसे जनता के बीच ले जाएगी और बड़े आंदोलन की रणनीति अपनाएगी।