Responsive Menu
Add more content here...

14 महीने से वेतन बकाया, नगर निगम ट्रैक्टर संघ कर्मियों का धरना तेज, रांची में फैला कचरे का संकट

Spread the love

रांची। नगर निगम ट्रैक्टर संघ के कर्मचारी बीते चार दिनों से लगातार हड़ताल और धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि जुलाई 2024 से अगस्त 2025 तक यानी पूरे 14 महीने का वेतन अब तक नहीं मिला। जबकि तय अनुबंध के अनुसार हर कर्मचारी को प्रति माह ₹20,000 का वेतन मिलना चाहिए था।

कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं हुआ। धरना पर बैठी कर्मचारी छोटी महतो ने बताया कि “हमने पूरा काम किया, ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराया, लेकिन 14 महीने से वेतन रुका हुआ है। परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा है, बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया है। अब या तो लड़ेंगे या मरेंगे।”

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निगम अधिकारी जानबूझकर भुगतान रोककर मिलीभगत से खेल कर रहे हैं। पहले निगम ने 72 घंटे में बकाया देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब सिर्फ 7 महीने का वेतन जारी करने की बात कही जा रही है।

इस आंदोलन का सीधा असर रांची की साफ-सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। शहर के 56 वार्डों में जगह-जगह कचरे का अंबार लग गया है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बदबू और गंदगी के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो रांची की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है। वहीं प्रदर्शनकारी कर्मचारी चेतावनी दे रहे हैं कि जब तक बकाया वेतन का पूरा भुगतान नहीं होता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।