बहरागोड़ा। संवाददाता (बापुन):
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और केंदुआ महुकुडिया (गामारिया पंचायत) निवासी कृष्णा पाल को राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की ओर से विशेष सम्मान पत्र प्राप्त हुआ है। यह पत्र उन्हें बिहार चुनाव में नारी शक्ति की अनुकरणीय भूमिका और संगठन को सशक्त बनाने में उनके योगदान की सराहना के तौर पर भेजा गया।
पत्र में उल्लेख किया गया कि भाजपा को मजबूत बनाने में नारी शक्ति का योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहा है। राजमाता विजयराजे सिंधिया और सुषमा स्वराज जैसी विभूतियों की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कृष्णा पाल ने पार्टी और समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राष्ट्रीय महामंत्री ने पत्र में लिखा कि कृष्णा पाल ने सात दिनों तक अपना घर-परिवार छोड़कर बिहार चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान उन्होंने लखपति दीदियों, जीविका दीदियों, लाभार्थी बहनों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर उन्हें संगठन के उद्देश्यों से जोड़ा। यह प्रयास संगठन को मजबूती प्रदान करने वाला रहा।
पत्र में यह भी कहा गया कि आत्मनिर्भर बहनों की बढ़ती भागीदारी भाजपा को निरंतर शक्ति दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तीकरण को लेकर दृढ़ संकल्पित हैं और महिला कार्यकर्ताओं को अंत्योदय व जनसेवा के संकल्प को पूरा करने के लिए हमेशा प्रोत्साहित करते रहे हैं।
इस उपलब्धि पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने कृष्णा पाल को बधाई दी है।