बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) । झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षड़ंगी ने प्रेस वक्तव्य जारी कर बीते दिन अपने दो अंतरंग मित्रों के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि राधे प्रसाद यादव, जो 90 के दशक में विशिष्ट राजद नेता एवं करीब दस वर्षों तक जिला जनता दल और राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष रहे, सामाजिक न्याय और समाजवाद की विचारधारा के प्रति बेहद प्रतिबद्ध थे। उन्होंने जिले में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के विश्वसनीय साथी के रूप में उन्होंने जिला बीस सूत्री अध्यक्ष समेत कई सरकारी समितियों में दक्षता से कार्य किया। डॉ. षड़ंगी ने कहा कि उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत अपूरणीय क्षति हुई है।
इसी प्रकार, बोकारो के वरिष्ठ एवं लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. उपेंद्र मोहंती के अचानक निधन पर भी उन्होंने गहरा दुख जताया। डॉ. मोहंती, एसबीटीसी के पूर्व सदस्य और बोकारो जनरल हॉस्पिटल के ब्लड बैंक मेडिकल ऑफिसर रह चुके थे। चिकित्सा जगत के साथ-साथ उन्होंने बोकारो ओड़िया समाज और विशाल श्री जगन्नाथ मंदिर निर्माण परियोजना में भी अहम योगदान दिया।
बीते सोमवार रात रांची एयरपोर्ट पर भुवनेश्वर जाने वाली फ्लाइट में उन्हें हृदयाघात हुआ और उनका निधन हो गया। जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी और बोकारो के विशिष्ट व्यवसायी अनूप त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और उनकी पत्नी डॉ. बिजया मोहंती को ढांढस बंधाते हुए अंतिम संस्कार की व्यवस्था की।
बोकारो से पूरी (ओडिशा) ले जाते वक्त बहरागोड़ा में उनके पार्थिव शरीर को षड़ंगी क्लिनिक लाया गया, जहां डॉ. दिनेश षड़ंगी, डॉ. बिनी षड़ंगी, डॉ. श्रद्धा सुमन षड़ंगी, जयंत दास, दिलीप राउत और रबी दे सहित अन्य लोगों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इसके बाद मंगलवार अपराह्न पूरी स्वर्गद्वार में उनका दाह संस्कार किया गया, जिसमें परिजनों और आत्मीयजनों ने नम आंखों से विदाई दी।