Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में दर्दनाक सड़क हादसा:ट्रक की चपेट में आने से पिता की मौत, पुत्री बाल – बाल बची

Spread the love

​चाकुलिया संवाददाता ( रोहन सिंह) : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक के पास गुरुवार की दोपहर एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक मामूली गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गयी।

सड़क पर गिरे बाइक सवार को सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की 14 वर्षीय पुत्री बाल-बाल बच गई।

मृतक की पहचान चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के खेजुरिया गांव निवासी सालखान मुर्मू (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
​यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब सालखान मुर्मू अपनी पुत्री उपल मुर्मू को बाइक से लेकर घर जा रहे थे। उपल मुर्मू चाकुलिया के नारायण दास रुंगटा हाई स्कूल के कक्षा नौ की छात्रा है और वह स्कूल के हॉस्टल में रहती है।

गुरुवार सुबह उसकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके कारण सालखान अपनी बेटी को घर ले जाने के लिए आए थे। बिरसा चौक के पास जहां सड़क पर एक गहरा गड्ढा था। उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। पिता-पुत्री दोनों बाइक से गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक संख्या जेएच 09 एई 0027 ने सालखान मुर्मू को बुरी तरह से टक्कर मार दी।​हादसा इतना भीषण था कि सालखान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। घटना के बाद आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय वरिष्ठ झामुमो नेता रसीद खान की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाकर सालखान को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन इलाज के दौरान सालखान ने दम तोड़ दिया।​ इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़कों की खराब हालत और बिना किसी रोक-टोक के सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग इस तरह की दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर सड़क किनारे से सभी अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों खासकर मोटरसाइकिलों को तुरंत हटाया जाए। ताकि इस तरह के और हादसे न हों। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक के चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।