जमशेदपुर। शहर में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिष्टुपुर गुरुद्वारा के समीप अज्ञात अपराधियों ने कारोबारी साकेत कुमार अग्रवाल से 30 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। इस दौरान अपराधियों ने आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका और विरोध करने पर फायरिंग भी की।
जानकारी के मुताबिक, साकेत कुमार अग्रवाल, जो हिंदुस्तान लीवर के एजेंसी मालिक हैं, रोजाना की तरह घर से नगद राशि लेकर बैंक जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी पर सवार अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी से उतरते ही अपराधियों ने पहले मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया और फिर बैग छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने गोली चला दी। यह घटना बिष्टुपुर क्षेत्र में सांसद के आवास से कुछ ही दूरी पर घटी है। बताया जा रहा है कि अपराधियों के सहयोगी इनोवा गाड़ी से घात लगाकर सड़क किनारे खड़े थे।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।