जमशेदपुर। शहर की पुलिस अब हाईटेक तकनीक से लैस हो गई है। जिला पुलिस बल में 33 टैंगो मोबाइल जवानों को हाई स्पीड बाइक उपलब्ध कराई गई है। इसका औपचारिक वितरण आज जिला एसएसपी पीयूष पांडे ने किया। इस मौके पर सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी ने बाइक वितरण के दौरान जवानों को इनके संचालन और इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। नई बाइकें अत्याधुनिक फीचर्स से लैस हैं, जिनमें GPS ट्रैकिंग सिस्टम भी लगाया गया है। इससे बाइक की लोकेशन सीधे जिला मुख्यालय से मॉनिटर की जा सकेगी।
एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि अब तक बड़ी गाड़ियों के कारण पुलिस को संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक समय पर पहुंचने में कठिनाई होती थी। लेकिन हाई स्पीड बाइक मिलने से जवान अब मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच सकेंगे। इससे न सिर्फ आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी बल्कि भगदड़ मचाने वाले अपराधियों पर भी लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय को इस सुविधा के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि हाई स्पीड बाइकें जमशेदपुर पुलिस की कार्यक्षमता को और मजबूत बनाएंगी।