जमशेदपुर, 21 सितंबर।
शारदीय नवरात्र की पूर्व संध्या पर रविवार की सुबह क्रीड़ा भारती जमशेदपुर महानगर की ओर से नारी सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से 5 किलोमीटर पैदल चलने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए।
कार्यक्रम सुबह 6 बजे गोलमुरी स्थित बिरला मंदिर से प्रारंभ हुआ। यात्रा एग्रिको ट्रांसपोर्ट ग्राउंड तक पहुंची और फिर वापस बिरला मंदिर में सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाया।
क्रीड़ा भारती के महानगर अध्यक्ष शिव शंकर सिंह ने बताया कि पैदल चलना न केवल आसान व्यायाम है, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी भी है। नियमित पैदल चलने से हड्डियां व मांसपेशियां मजबूत होती हैं, हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों का खतरा घटता है, वजन नियंत्रित रहता है और सहनशक्ति बढ़ती है। साथ ही यह मानसिक तनाव कम करने और ऊर्जा का स्तर बढ़ाने में भी मददगार है।
उन्होंने कहा कि यह विशेष आयोजन महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक करने के लिए किया गया। अंत में उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के प्रांतीय मंत्री राजीव कुमार समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।