संवाददाता चाकुलिया(रोहन सिंह) : चाकुलिया वन क्षेत्र अंतर्गत सरडीहा पंचायत में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे पाकुड़िया के पास यूकेलिप्टस पेड़ों को काट कर जंगल का धड़ल्ले से सफाया किया जा रहा है। कुछ दबंग किस्म के लोग पेड़ों को काट कर और पेड़ों के ठूंठ को उखाड़ कर खेती करने के लिए वन भूमि पर अवैध कब्जा करने के प्रयास में जुटे हैं। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलने के बाद वन विभाग हरकत में आया है। गुरुवार को वनरक्षी किरण मंडल ने स्थल का निरीक्षण किया। मामले की छानबीन कर दोषियों पर वन विभाग कार्रवाई करेगा।
जानकारी के मुताबिक पिछले कई माह से कुछ दबंग लोगों द्वारा दिनदहाड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को काटा जा रहा है। उक्त वन भूमि पर वर्षों पूर्व वन विभाग द्वारा यूकेलिप्टस के पौधे रोपे गए थे। पौधे पेड़ का रूप ले चुके हैं। दबंग लोग पेड़ों को काट रहे हैं और लकड़ियों को ले जा रहे हैं। इसके बाद पेड़ों के ठूंठ को भी उखाड़ दे रहे हैं। उक्त जंगल में दर्जनों पेड़ काटे जा चुके हैं। जंगल के आसपास काटे गए पेड़ों के अनेक ठूंठ बिखरे हैं। कई ग्रामीणों ने बताया कि कई लोग जंगल में पेड़ों को काट कर खेत बना रहे हैं। वन भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती करने की योजना है। कई ग्रामीणों ने बताया कि लगभग डेढ़ एकड़ वन भूमि पर पेड़ों को काटा गया है। इधर, वन विभाग के हरकत में आने के बाद पेड़ काटने वाले लोगों में दहशत है।