चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत स्थित डायरिया प्रभावित भालुकनाला गांव में सोमवार को प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आरती मुंडा और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू अपनी टीम के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने गांव का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
गांव में सोमवार को डायरिया के तीन नए मरीज पाए गए — सुलोचना मुंडा (38), पूरी मुंडा (65) और सुनीता मुंडा (40)। सभी को स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

गांव में दो जल मीनारें खराब पाई गईं, जिनमें से एक की मरम्मत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा पूरी कर ली गई है। दूसरी जल मीनार की मरम्मत का कार्य भी शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया गया। मौके पर विभाग के कनिष्ठ अभियंता भागीरथ रवानी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर डायरिया से बचाव के उपायों पर चर्चा की। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत मुर्मू ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पेयजल को उबालकर ही पिएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
बीडीओ आरती मुंडा ने एएनएम रीता कुमारी सिन्हा को निर्देश दिया कि प्रभावित मरीजों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि जब तक जल मीनार की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक कुंए के पानी को उबालकर ही पीने की आदत डालें।

इस दौरान कनिष्ठ अभियंता ने पोचापानी, मधुपुर सहित आसपास के गांवों का भी दौरा किया और बंद पड़ी जल मीनारों को शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए।

मौके पर पंचायत प्रतिनिधि दशरथ मांडी, गोपन परिहारी, निर्मल महतो, बबलू हेंब्रम, राहुल महतो समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।