Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: डायट में पुस्तकालय उन्मुखीकरण पर एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में सोमवार को जिले के उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों के पुस्तकालयों के उन्नयन और प्रबंधन को लेकर एकदिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद संस्थान के प्रभारी प्राचार्य रामनाथ सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया तथा कार्यशाला की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जमशेदपुर के चिन्मया विद्यालय, बिष्टुपुर की अनुभवी पुस्तकालयाध्यक्ष नीतू सिंह और पुष्पा सिंह मुख्य प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहीं। प्रशिक्षकों ने कार्यशाला के दौरान विद्यालयी पुस्तकालयों की भूमिका और पुस्तकालयाध्यक्ष की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने प्रतिभागियों को आकर्षक और अनुकूल पुस्तकालय वातावरण तैयार करने, पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित करने की जानकारी दी। इन गतिविधियों में कहानी श्रवण, बुक टॉक, बुक रिव्यू, पठन प्रतियोगिता, लेखक परिचय, भेंट वार्ता और पुस्तक मेला जैसे आयोजन शामिल हैं।

कार्यशाला में रीडिंग क्लब के गठन, तकनीकी वर्गीकरण, पुस्तक सूचीकरण, अभिलेख संधारण और पुस्तक रखरखाव जैसे विषयों पर भी उपयोगी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में पठन के प्रति रुचि और सृजनशीलता दोनों बढ़ती हैं।

कार्यशाला में डायट के सभी संकाय सदस्य और प्रशिक्षु शिक्षक मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।