Responsive Menu
Add more content here...

भालुकनाला में डायरिया का कहर: तीन बच्चों समेत 14 ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुँची गांव

Spread the love

चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह)
चाकुलिया प्रखंड के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत अंतर्गत भालुकनाला गांव में पिछले दो दिनों से डायरिया का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। गांव के तीन बच्चों समेत कुल 14 लोग बीमारी की चपेट में आ गए हैं। प्रारंभिक अवस्था में ग्रामीण निजी स्तर पर इलाज करा रहे थे, लेकिन हालात बिगड़ते देख शनिवार को स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया।

जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो और पूर्व जिप सदस्य जगन्नाथ महतो ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत मुर्मू को पूरे मामले की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही डॉ. मुर्मू के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची, जहां एमपीडब्लू विकास गिरी और तड़ित कुमार महतो ने ग्रामीणों को ओआरएस घोल और आवश्यक दवाइयाँ वितरित कीं।

गांव में जलजनित संक्रमण की मुख्य वजह दूषित पेयजल मानी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की दोनों सोलर जल मीनारें एक वर्ष से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण लोग मजबूरी में पुराने जर्जर कुएं का पानी पीने को विवश हैं। आशंका है कि इसी कुएं का प्रदूषित पानी डायरिया फैलने का कारण बना।

धरित्री महतो ने बताया कि जल मीनारों की खराबी का मुद्दा उन्होंने पूर्व में जिला परिषद और पंचायत समिति की बैठकों में भी उठाया था। पेजल एवं स्वच्छता विभाग के कनीय अभियंता भागीरथ रवानी और सहायक अभियंता को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।

डायरिया से पीड़ित लोगों में सूर्या मुंडा, गुरुवारी मुंडा, बबीता मुंडा, मुकेश मुंडा, कुनकी मुंडा, पूर्णामी मुंडा, शिवानी मुंडा, फेती मुंडा, अजय मुंडा, सोमाय मुंडा, बुद्धेश्वर मुंडा और बबीता मुंडा शामिल हैं।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार मुर्मू ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव की निगरानी कर रही है।

मुख्य बिंदु:

भालुकनाला गांव में डायरिया का प्रकोप, 14 लोग प्रभावित

दूषित कुएं का पानी बना संक्रमण का कारण

दोनों सोलर जल मीनारें एक साल से बंद

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर उपचार शुरू किया