जमशेदपुर। संवाददाता
गैस संकट का असर उद्योगों तक पहुँचा
देश में बढ़ती गैस की कमी का असर अब आम लोगों के साथ-साथ बड़े उद्योगों पर भी दिखाई देने लगा है। जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील में एलपीजी गैस की कमी का असर कंपनी की कैंटीन व्यवस्था पर पड़ा है।
कर्मचारियों को भेजा गया सूचना संदेश
कंपनी प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को एक संदेश के माध्यम से सूचित किया है कि गैस की कमी के कारण फिलहाल 12 कैंटीन में से केवल 6 कैंटीन ही संचालित की जाएंगी। बताया जा रहा है कि जिन कैंटीन में खाना तैयार होता है, वे सीओ आधारित व्यवस्था पर निर्भर हैं और गैस की कमी के कारण यह फैसला लिया गया है।
कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
इस निर्णय के बाद टाटा स्टील में कार्यरत ठेका मजदूरों और नियमित कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई है। मजदूरों का कहना है कि रोजाना हजारों कर्मचारी सुबह ड्यूटी के लिए कंपनी पहुंचते हैं और ऐसे में भोजन के लिए उन्हें कैंटीन पर ही निर्भर रहना पड़ता है।
कैंटीन कम होने से बढ़ सकती है परेशानी
कर्मचारियों का मानना है कि कैंटीन की संख्या कम होने से उन्हें भोजन के लिए लंबी कतारों और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अब सभी की नजर कंपनी प्रबंधन के अगले फैसले पर टिकी हुई है।