Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया में आपसी भाईचारे के साथ मनी ईद, नमाज अदा

Spread the love

चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : नगर क्षेत्र में शनिवार को ईद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ ईद की नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी।

ईद के मद्देनजर चाकुलिया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

चाकुलिया के जामा मस्जिद में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारी भीड़ को देखते हुए नमाज दो अलग-अलग जमातों में अदा की गई। पहली नमाज सुबह 8:00 बजे और दूसरी नमाज 8:30 बजे अदा की गई। नमाज का नेतृत्व मस्जिद के इमाम मो. अजिज और मुफ्ती मोहम्मद सिद्दीक ने किया।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में खुशियों का माहौल देखने को मिला। बच्चे नए कपड़े पहनकर काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने अपने दोस्तों व परिजनों के साथ इस खास दिन का आनंद लिया।

इस अवसर पर मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष साजिद खान, सचिव हैदर अली, वार्ड पार्षद मोहम्मद गुलाब, पूर्व वार्ड पार्षद असगर हुसैन, मो. महबूब, मो. कलीम, फजरुल रहमान, मो. अमन, मो. इनामुल, मो. इरफान, खुर्शीद हसन समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

साथ ही नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, थाना के एसआई अजीत कुमार और कैबिंद्र पोद्दार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ईद के इस पावन अवसर पर लोगों ने समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के त्योहार समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं।

पूरे चाकुलिया क्षेत्र में ईद को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयां बांटी और खुशियां साझा कीं।