Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: हरिनिया के एसएफसी गोदाम पर जंगली हाथियों का हमला जारी, ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

अनाज की तलाश में बार-बार गोदाम तोड़ने की कोशिश, सड़क पर आवागमन भी हुआ जोखिमभरा

संवाददाता रोहन सिंह की रिपोर्ट

चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), 1 जून — चाकुलिया प्रखंड के जमुआ पंचायत अंतर्गत हरिनिया स्थित एसएफसी (स्टेट फूड कॉरपोरेशन) गोदाम पर जंगली हाथियों का हमला लगातार जारी है। बीते एक माह के दौरान हाथियों ने कई बार गोदाम के शटर को तोड़ने की कोशिश की है, जिससे अनाज की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं।

रविवार को फिर एक जंगली हाथी जंगल से निकलकर गोदाम के पास आ धमका। उसने गोदाम का शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की सजगता से हाथी को खदेड़ दिया गया। हाथियों की इस लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह गोदाम चाकुलिया–केरूकोचा मुख्य सड़क के नजदीक स्थित है, जिस वजह से जंगली हाथियों की आमद यहां अधिक रहती है। वे अक्सर जंगल से निकलकर गोदाम तक पहुंच जाते हैं और अनाज की गंध पाकर हमला कर बैठते हैं।

इस कारण न सिर्फ गोदाम की सुरक्षा संकट में है, बल्कि सड़क पर आमजन का आवागमन भी खतरे में पड़ गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस क्षेत्र में हाथियों की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, और गोदाम की सुरक्षा को मजबूत किया जाए।