Responsive Menu
Add more content here...

चाकुलिया: जंगल में पत्ता तोड़ने गई दो महिलाओं पर हाथी का हमला, एक की मौत, एक गंभीर

Spread the love

चाकुलिया (जमशेदपुर)। चाकुलिया वन क्षेत्र के डुमुरडीहा गांव के पास स्थित साल के जंगल में बुधवार को जंगली हाथी ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव की 54 वर्षीय बेहुला नायक और एक अन्य महिला शांति देवी सुबह पत्ता तोड़ने जंगल गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से बेहुला नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल शांति देवी को परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम (पश्चिम बंगाल) के अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक समीर मोहंती, पंचायत के मुखिया शिवचरण हांसदा और वन विभाग के प्रभारी फॉरेस्टर कल्याण महतो समेत अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वन विभाग ने मृतका के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये का मुआवजा प्रदान किया। अधिकारियों ने बताया कि शेष मुआवजे की राशि जल्द ही सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से गांव से सटे जंगल में एक हाथी घूम रहा है। बुधवार सुबह जब दोनों महिलाएं पत्ता तोड़ने गई थीं, उसी दौरान हाथी ने हमला किया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हाथी अक्सर शाम ढलते ही गांव में प्रवेश कर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं और उपद्रव मचाते हैं।

वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि घटना की सूचना देने के बावजूद विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर देर से पहुंचे। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा हाथी के मूवमेंट की जानकारी समय रहते नहीं दी जाती, जिससे ग्रामीण बार-बार हाथी के हमले का शिकार हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की कि हाथी को जल्द से जल्द गांव से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए और भविष्य में हाथी के गांव में प्रवेश करने की जानकारी ग्रामीणों को पहले ही दी जाए। साथ ही जंगल में काम करने वाले लोगों को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।