सरडीहा के बेहराटोला में महीनों से ठप सोलर जलापूर्ति, ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा
चाकुलिया (संवाददाता): चाकुलिया प्रखंड के सरडीहा पंचायत अंतर्गत बेहराटोला गांव में संचालित सोलर जलापूर्ति योजना पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गांव के करीब 35-40 परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी इससे प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण महिलाएं मंजू बेहरा, आरती बेहरा, बिनती बेहरा, काकुली बेहरा, सावित्री बेहरा और कलावती बेहरा ने बताया कि सोलर आधारित जलापूर्ति योजना के तहत सोलर जलापूर्ति ही उनके गांव में पीने के पानी का मुख्य स्रोत था। लेकिन कई महीनों से सोलर जलापूर्ति के बंद हो जाने के कारण उन्हें तीन किलोमीटर दूर से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार पंचायत प्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जलापूर्ति बहाल करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि उन्हें इस भीषण जल संकट से राहत मिल सके।