घाटशिला (मुसाबनी 1 जून):
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री स्व. यदुनाथ बास्के की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को मुसाबनी प्रखंड के 1 नंबर स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर झारखंड के माननीय शिक्षा मंत्री व लोकप्रिय विधायक श्री रामदास सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. यदुनाथ बास्के की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। शिक्षा मंत्री श्री सोरेन ने झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षमयी राजनीतिक जीवन को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. बास्के एक जननेता थे, जिन्होंने आदिवासी समाज की बेहतरी के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत, वरिष्ठ नेता कान्हु सामंत, जगदीश बास्के, चौधरी उमेश सिंह, मजदूर नेता काजल डॉन, सोमाय टुडू, अमन मुर्मू समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और झामुमो के पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में स्व. बास्के के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के अंत में एक संक्षिप्त सभा का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने उनके सामाजिक, राजनीतिक योगदानों पर प्रकाश डाला और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।