Responsive Menu
Add more content here...

18 जून को बहरागोड़ा में कांग्रेस निकालेगी ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’

Spread the love

बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा)
कांग्रेस पार्टी की ओर से आगामी 18 जून को ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ का आयोजन बहरागोड़ा प्रखंड में किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को वैद्यनाथ प्लेस (एनएच-49 किनारे) पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव सह बहरागोड़ा प्रखंड पर्यवेक्षक तापस चटर्जी ने दी।

उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा बहरागोड़ा के राष्ट्रीय उच्चपथ से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार तक जाएगी। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को भारत के संविधान के प्रति जागरूक करना और इसके संरक्षण के लिए एकजुटता प्रदर्शित करना है। चटर्जी ने कहा, “संविधान हमारे देश की आत्मा है, जो हर नागरिक को अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। लेकिन आज इसके मूल मूल्यों पर खतरा मंडरा रहा है, जिसे लेकर जनता को जागरूक करने की जरूरत है।”

जिला व प्रदेश स्तर के नेता होंगे शामिल

इस पदयात्रा में कांग्रेस के जिला एवं प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। पार्टी की ओर से इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। चटर्जी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में भाग लेकर संविधान की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करें।

लगातार चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम

तापस चटर्जी ने बताया कि ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत जिले व प्रखंड स्तर पर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह पदयात्रा एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।

प्रेस वार्ता में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष बिमल बारिक, तापस महापात्र, निखिल करण, अर्नव नायक, आनंद सेनापति, शेखर नायक सहित कांग्रेस के कई स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।