चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) 25 जून 2025: चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार निवासी गीता देवी ने अपने पति विरेंद्र सिंह की खोजबीन के लिए चाकुलिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके पति हरियाणा के गुड़गांव में किसी संकट में हैं और उनसे 21 जून की शाम से संपर्क टूट गया है।
गीता देवी ने आवेदन में बताया है कि उनके पति विरेंद्र सिंह पेशे से वाहन चालक हैं और परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र साधन हैं। कुछ दिन पहले नया बाजार निवासी अजय शर्मा के माध्यम से उन्हें गुड़गांव निवासी सुशील शर्मा (जो अजय शर्मा के चचेरे भाई हैं) के पास वाहन चलाने के लिए भेजा गया था। यात्रा के लिए टिकट 18 अप्रैल 2025 को उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन से अजय शर्मा ने बनवाया था।

वहां पहुंचने के बाद 19 अप्रैल को विरेंद्र सिंह ने पहली बार फोन किया था। शुरू में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उनके साथ सीमेंट की बोरियां लोड-अनलोड करने का मजदूरी का काम कराया जाने लगा। विरेंद्र सिंह ने इस पर आपत्ति जताई और गीता देवी को बताया कि शारीरिक अस्वस्थता के कारण उन्हें यह कार्य करना मुश्किल हो रहा है।
गीता देवी के अनुसार, जब उन्होंने अपने पति से घर लौटने को कहा, तो उन्होंने बताया कि उनके मालिक सुशील शर्मा ने 22 जून को नीलांचल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12876) से वापसी के लिए टिकट बनवाया है। लेकिन उसी दौरान उनका मोबाइल फोन खराब हो गया, जिसे बनवाने के लिए उन्होंने एक स्थानीय दुकानदार को दे दिया था।
गीता देवी की आखिरी बार अपने पति से बात 21 जून की शाम 7:30 बजे हुई थी। इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है और सुशील शर्मा से संपर्क करने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिल रहा है।
उन्होंने पुलिस से पति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संपर्क स्थापित करने के प्रयास करने की मांग की है। फिलहाल, चाकुलिया पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।