बहरागोड़ा संवाददाता (निलेश बेरा)
बहरागोड़ा प्रखंड के ब्राह्मणकुंडी पंचायत अंतर्गत कोसताडुआ गांव में दो भाइयों की मृत्यु से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अनिल दास और उनके बड़े भाई कार्तिक दास के निधन के बाद परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही रविवार को क्षेत्रीय विधायक समीर महंती शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे।
विधायक ने परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही आर्थिक सहायता प्रदान की और कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के तहत पात्र बच्चों को राहत दिलाई जाएगी।
विधायक ने बताया कि यदि माता-पिता दोनों का देहांत हो गया है और बच्चे नाबालिग हैं, तो उन्हें सरकारी योजना के तहत प्रतिमाह ₹4000 की सहायता दी जाती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर पीड़ित परिवार के बच्चों का नाम योजना में शामिल कराने का आश्वासन दिया।
परिवार की स्थिति बेहद गंभीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत कार्तिक दास के बेटे बिनय दास की उम्र 15 वर्ष है और बेटी अर्चना दास की उम्र 10 वर्ष है। वहीं, छोटे भाई अनिल दास की बेटी सोनाली 8 वर्ष की और बेटा रबी दास मात्र 1 वर्ष का है। घर में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा है।
अनिल दास की पत्नी शांतिलता दास ने बताया कि उनका नाम राशन कार्ड में नहीं है और उन्हें ‘मैया सम्मान योजना’ का लाभ भी नहीं मिल रहा है। पति के इलाज के लिए परिवार ने अपनी जमीन और गहने तक गिरवी रख दिए थे। अब पूरे परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय नेता और पदाधिकारी भी रहे मौजूद
इस दुखद अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, विधायक के निजी सचिव विशाल बारिक, अशोक सेन, पिंटू दत्त, दीपक महापात्र, राकेश दास, कमल दत्त, जीतेंद्र ओझा समेत कई स्थानीय समाजसेवी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने परिवार को यथासंभव सहयोग का भरोसा दिया।