जमशेदपुर, संवाददाता:
बागबेड़ा लाल बिल्डिंग सब्जी बाजार के समीप देर रात लगभग 1 बजे अचानक आग लगने से 5 से 6 दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन घटना ने स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मचा दिया।
सूचना मिलने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को खबर दी। दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानों का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।
विधायक संजीव सरदार ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात की
पोटका विधायक संजीव सरदार बुधवार की सुबह घटनास्थल पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मिले। उन्होंने कहा,
“यह बेहद दुखद घटना है। जिन दुकानदारों का नुकसान हुआ है, उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन से समन्वय कर जल्द राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
विधायक ने जिला प्रशासन से शीघ्र जांच कर पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
मौके पर स्थानीय प्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद
इस दौरान पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, पंचायत प्रतिनिधि और आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।