बहरागोड़ा, संवाददाता:
बहरागोड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत वृंदावनपुर गांव में शनिवार को सदगुरु निगमानंद सरस्वत परमहंसा देव का एक दिवसीय पूर्णमासी सत्संग धूमधाम से आयोजित किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में गांव और आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह प्रभाती कीर्तन से सत्संग की शुरुआत हुई। इसके बाद पूजा-अर्चना, आरती वंदना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तों ने बताया कि सदगुरु निगमानंद जी का पूर्णमासी उत्सव विशेष श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
सत्संग में गीता चंडी पाठ, ठाकुर जी का आवाहन, और सूर्योदय से सूर्यास्त तक अखंड जयगुरु नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। धर्मसभा के मुख्य अतिथि के रूप में देवशानंद सरस्वती उपस्थित थे, जिन्होंने सदगुरु निगमानंद जी के जीवन और शिक्षाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।
दोपहर में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया, जिसे सैकड़ों लोगों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। शाम को आरती, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ उत्सव का समापन हुआ।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में देवाशीष प्रधान, मोतीलाल प्रधान, कल्याण प्रधान, तापस प्रधान, नीलकमल प्रधान, आशीष सेन, रोहित सेन और वृंदावनपुर गांव सहित पड़ोसी गांवों के कई लोग सक्रिय रूप से शामिल हुए।
सदगुरु निगमानंद सरस्वत परमहंसा देव का यह पूर्णमासी सत्संग भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभव और भक्ति का एक अविस्मरणीय अवसर साबित हुआ।