बहरागोड़ा, संवाददाता( निलेश बेरा) :
बहरागोड़ा प्रखंड में भारत फाइनेंस कंपनी पर ठगी का गंभीर आरोप लगा है। ग्रुप संख्या 193 और 240 की लगभग 80 महिलाएं इस ठगी की शिकार हुई हैं। शनिवार को पीड़ित महिलाओं ने बहरागोड़ा थाना पहुँचकर कंपनी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है।
क्या है मामला?
लिखित शिकायत में महिलाओं ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों ने बायोमेट्रिक मशीन के ज़रिए उनका उंगली छाप (फिंगरप्रिंट) लेकर खातों से राशि की अवैध निकासी कर ली। यह ठगी रात के समय हर घर जाकर की गई, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी।
जब कंपनी की ओर से किस्त वसूली की मांग की गई, तभी महिलाओं को इस ठगी का पता चला।
गंभीर आरोप
भारत फाइनेंस के कर्मचारियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से खाता खुलवाकर अवैध निकासी की गई।
आरोप है कि कंपनी के स्थानीय कर्मचारियों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा किया गया।
लाखों रुपये की राशि खाते से निकाली गई है, जिसमें ग्रामीण महिलाएं अब कर्जदार हो गई हैं।
पीड़ित महिलाओं की मांग
महिलाओं ने थाना को सौंपे आवेदन में उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है ताकि उन्हें न्याय मिल सके और ऐसे फर्जीवाड़े पर रोक लगे।
आवेदन में हस्ताक्षर करने वाली प्रमुख महिलाएं:
सीमा पाल, चाइना पाल, रूपाली दलाई, लीजा पात्र, सावित्री दलाई, नंदिता पात्र, तिलकतमा दलाई सहित कई अन्य महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि ठोस जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।