बहरागोड़ा। संवाददाता
समुद्र की तेज लहर में बहा छात्र
ओडिशा के पुरी स्थित समुद्र तट पर नहाने के दौरान बहरागोड़ा के एक छात्र के लापता होने की दुखद खबर सामने आई है। बहरागोड़ा निवासी सत्यवान साव का 21 वर्षीय इकलौता पुत्र अनिमेष साव रविवार को समुद्र में नहाते समय तेज लहरों की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जगन्नाथ मंदिर दर्शन के बाद गए थे समुद्र तट
मिली जानकारी के अनुसार अनिमेष साव भुवनेश्वर के खंडगिरी स्थित सोआ यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। रविवार सुबह वह अपने दो दोस्तों के साथ जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने गया था। मंदिर दर्शन के बाद तीनों दोस्त समुद्र तट पर नहाने चले गए। इसी दौरान समुद्र की तेज और ऊंची लहर अनिमेष को गहरे पानी की ओर खींच ले गई, जिससे वह अचानक लापता हो गया।
पुलिस और बचाव दल चला रहे खोज अभियान
घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा पुलिस और तटरक्षक बल की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों और बचाव दल द्वारा समुद्र किनारे करीब 10 किलोमीटर के दायरे में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अनिमेष का कोई पता नहीं चल पाया है।
बहरागोड़ा में शोक का माहौल
जैसे ही इस हादसे की खबर बहरागोड़ा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। अनिमेष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार को काफी उम्मीदें थीं। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत पुरी के लिए रवाना हो गए हैं और मौके पर रहकर खोज अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।