घाटशिला। संवाददाता
JLKM ने चुनाव को लेकर उठाया संगठनात्मक कदम
आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण पहल की है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के निर्देश और केंद्रीय कार्यकारिणी की स्वीकृति के बाद 68 नेताओं को पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
तापस महतो को मिली अहम जिम्मेदारी
इस सूची में पूर्वी सिंहभूम के युवा नेता और रणनीतिकार तापस महतो का नाम भी शामिल है। वर्तमान में वे JLKM के पूर्वी सिंहभूम जिला सचिव हैं। पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस जिम्मेदारी के तहत वे संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति तैयार करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करेंगे।
सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय
तापस महतो पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के निवासी हैं और लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
घाटशिला उपचुनाव में निभाई थी अहम भूमिका
पार्टी सूत्रों के अनुसार, घाटशिला उपचुनाव के दौरान तापस महतो ने चुनावी रणनीति तैयार करने और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी रणनीतिक सोच और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें पश्चिम बंगाल जैसे अहम चुनाव में यह जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी नेतृत्व का जताया आभार
इस अवसर पर तापस महतो ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बेहतर परिणाम लाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।