बहरागोड़ा | संवाददाता
बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को मानव सेवा की भावना को समर्पित एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बहरागोड़ा सीएचसी और जमशेदपुर सदर अस्पताल ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्घाटन बीस सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष असित मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू के नेतृत्व में चिकित्सा टीम लगातार मौजूद रही और रक्तदाताओं को प्रेरित करती रही।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान में विशेष उत्साह देखने को मिला। दिनभर चलाए गए इस अभियान में कुल 40 यूनिट रक्त सुरक्षित रूप से संग्रहित किया गया, जिसे जमशेदपुर सदर ब्लड बैंक के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. उत्पल मुर्मू ने रक्तदान के महत्व पर रोशनी डालते हुए कहा कि “रक्तदान सिर्फ एक सामाजिक कर्तव्य ही नहीं बल्कि जीवन बचाने का सर्वोच्च कार्य है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों को नया जीवन दे सकता है।” उन्होंने आम नागरिकों से नियमित रक्तदान करने की अपील भी की।
रक्तदान करने वालों में हिमांशु महतो, मृन्मय भोल, बापी कुमार, रंजीत साहू, राहुल कुमार सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्होंने अपने योगदान से कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।