बहरागोड़ा, संवाददाता (निलेश बेरा)
शनिवार को बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा और थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के मधुआबेड़ा, मुड़ादेवता और गुहियापाल गांवों में अवैध रूप से खनन व भंडारित किए गए बालू को जब्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, इस छापेमारी में लगभग 5000 सीएफटी अवैध बालू बरामद किया गया है। इस संबंध में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 50/2025 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के बाद पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है, जबकि प्रशासन ने भी स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा ने कहा, “अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि बालू माफियाओं की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।”
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन की सख्ती से अवैध खनन पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।