बहरागोड़ा। संवाददाता
शिव मंदिर परिसर में एक दिवसीय गायत्री यज्ञ का आयोजन
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र की गामारिया पंचायत अंतर्गत मालुआ गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में गुरुवार को ग्रामीणों के सहयोग से एक दिवसीय भव्य गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा गांव ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से गूंज उठा।
भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल
यज्ञ की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। सैकड़ों श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर लगभग दो किलोमीटर दूर रांगड़ो खाल पहुंचे और वहां से पवित्र जल लेकर गाजे-बाजे के साथ पैदल यात्रा करते हुए गांव की परिक्रमा कर मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप पहुंचे। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।
विधि-विधान से संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान
यज्ञ मंडप में कलश स्थापना के बाद पुजारी शंकर प्रसाद कर और शुभेंदु विकास मिश्रा के सानिध्य में संस्कार हवन, आरती और पुष्पांजलि जैसे अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए आहुति दी।
आस्था के चलते घरों में नहीं जला चूल्हा
ग्रामीणों की अटूट श्रद्धा इस आयोजन की विशेषता रही। क्षेत्रीय परंपरा के अनुसार अष्टमी मनाए जाने से पहले चूल्हा जलाना अनुचित माना जाता है। महापूजा के अवसर पर ग्रामीणों ने अपने घरों में भोजन नहीं बनाया और दिनभर भक्ति भाव में लीन रहे।
श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण
धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन से मालुआ गांव में आध्यात्मिक और सामाजिक एकता का संदेश भी देखने को मिला।