बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज और धार्मिक आस्था के साथ वट सावित्री व्रत किया। महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए दिनभर उपवास रखा।
सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार और पारंपरिक वेशभूषा में मंदिरों और वट वृक्ष के पास पहुंचीं। वहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। महिलाओं ने बरगद के पेड़ पर जल अर्पित किया और पेड़ के तने में रक्षा सूत्र बांधकर परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
पूजा के दौरान पुरोहितों द्वारा वट सावित्री व्रत की धार्मिक कथा सुनाई गई। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर वैवाहिक जीवन की सुख-शांति और पति की दीर्घायु की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के बाद महिलाओं ने पति के हाथों जल और प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोला। पूरे क्षेत्र में दिनभर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।