Responsive Menu
Add more content here...

बहरागोड़ा में जलनिकासी व्यवस्था फेल, लगातार बारिश से सड़कें जलमग्न, जनजीवन प्रभावित

Spread the love

बहरागोड़ा: लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने बहरागोड़ा बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई सड़कें घुटनों तक पानी और कीचड़ से भर गई हैं। बाजार क्षेत्र से लेकर आवासीय इलाकों तक जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे पैदल चलना और वाहनों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।

Read More : भारी बारिश से प्रभावित जरूरतमंद परिवारों की मदद को आगे आए विधायक समीर मोहंती, उपलब्ध कराया तिरपाल

ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या वर्षों पुरानी है और इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उनका कहना है कि हर मानसून में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्राकृतिक जलनिकासी मार्गों और पुराने नालों पर अतिक्रमण तथा अनियोजित निर्माण के कारण पानी का बहाव बाधित हुआ है। इसके चलते बारिश का पानी तेजी से बस्तियों और निचले इलाकों में जमा हो रहा है तथा कई घरों तक पहुंच रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बहरागोड़ा में जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक योजना तैयार की जाए। उनका कहना है कि प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम और नालों के निर्माण से भविष्य में होने वाले जलजमाव और उससे होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकती है।