बहरागोड़ा (संवाददाता – एन. बेरा)।
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के कुमारडूबी पंचायत अंतर्गत बाघाकुली गांव में बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भवन निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

ग्राम प्रधान नीलकंठ नायक सहित विदेश देहरी, मानस नायक, पूर्णेन्दु नायक, अनुराग नायक, साधीन नायक, राहुल नायक, सागर नायक और समीर नायक समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में खराब ईंट, कम मात्रा में सीमेंट और छोटे साइज की छड़ का उपयोग किया जा रहा है। पिलर की छड़ें छत तक नहीं पहुंच रही हैं और बेस में बड़ी गिट्टी की जगह छोटे गिट्टी से ढलाई कर दी गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि ऐसे निर्माण से भवन टिकाऊ नहीं होगा।
लोगों का कहना है कि आंगनबाड़ी भवन में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ेंगे, ऐसे में घटिया निर्माण किसी भी दिन हादसे का कारण बन सकता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार ने न तो ग्रामसभा आयोजित की और न ही शिलान्यास किया, सिर्फ बोर्ड लगाकर काम शुरू कर दिया। इस योजना की लागत 11 लाख 8 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
स्थानीयों का कहना है कि निरीक्षण की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, उन्होंने अब तक कोई निगरानी नहीं की। हाल ही में निरंजनपुर गांव में भी इसी तरह की शिकायत सामने आई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बहरागोड़ा प्रखंड के ज्यादातर नए आंगनबाड़ी भवनों में इसी तरह की अनियमितताएं हो रही हैं, जिनकी जांच की जानी चाहिए।
इस मामले में सीडीपीओ के प्रभार में कार्यरत बहरागोड़ा के सीओ राजाराम सिंह मुंडा ने कहा—
“अभी तक हमने इस योजना को देखा नहीं है। यदि ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।”
ग्रामीणों की मांग है कि जांच टीम मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।