बहरागोड़ा, संवाददाता (बापुन) : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज बारिश के दौरान आसमानी ठनका गिरने से दो अलग-अलग गांवों में खेतों में काम कर रहे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा डोमजुड़ी और साकरा पंचायत क्षेत्र के खेतों में उस समय हुआ जब दोनों मृतक धान की रोपाई में व्यस्त थे।
मृतकों की पहचान नेकड़ाडीहा गांव निवासी 55 वर्षीय कमल घोष और गोला पड़ाशिया गांव निवासी 45 वर्षीय विधवा महिला गुनी मुंडा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपने-अपने खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान जोरदार ठनका गिरा, जिससे दोनों घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े।

पास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को सूचित किया। दोनों को निजी वाहन के माध्यम से बहरागोड़ा सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।
कमल घोष अपने पीछे पत्नी काजल घोष और एक पुत्र शिव शंकर घोष को छोड़ गए हैं। वहीं, गुनी मुंडा, जो पहले से ही विधवा थीं, उनका जाना परिवार और गांव के लिए एक बड़ी क्षति है।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के साथ पूरे समुदाय में गहरा दुख व्याप्त है।