बहरागोड़ा संवाददाता (बापुन) :
रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड के गोपालपुर गांव में बाहुबली प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 8 पंचायतों की टीमों ने भाग लिया और 6-6 ओवर के रोमांचक मुकाबले खेले गए।
समापन समारोह की शुरुआत अतिथि और क्लब के कप्तान प्रसनजीत नायक द्वारा देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद मैदान में फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया।
फाइनल मुकाबला गोपालपुर और बहूलिया की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गोपालपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। विजेता टीम को ₹6000 की नकद राशि और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹4000 और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में प्रसनजीत कुमार को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार प्रदान किया गया।
अंतिम मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मैदान में उमड़े। आयोजन के सफल संचालन में अजय पात्र, राजीव घोष, कालाचंद मुर्मू, शुरू नायक, लिपुण घोष, आकाश नायक समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे और अपनी भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता ने न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार मंच भी प्रदान किया।