जमशेदपुर।
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में 4 सितंबर 2025 को गुरुद्वारा रोड पर कारोबारी साकेत अग्रवाल से हुई 30 लाख रुपये की लूट और फायरिंग कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का मास्टरमाइंड राकेश मंडल उर्फ पकौड़ी, निवासी कदमा, को पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से धर दबोचा।
एसएसपी पीयूष पांडे ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस केस की जांच के लिए गठित विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए अपराधियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में मास्टरमाइंड ने अपने अन्य तीन साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने कमलेश नारायण दुबे, सुधीर नारायण बेहरा और गणेश कुम्भकार उर्फ फुचा को भी अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार कर लिया। चारों अपराधियों को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों ने कबूल किया कि इस वारदात की मुख्य साजिश कमलेश दुबे ने रची थी। पुलिस ने अब तक की बरामदगी में 10 लाख 69 हजार 700 रुपये नकद, एक देशी पिस्टल, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार (JH-05AN-7303) और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- राकेश कुमार मंडल उर्फ पकौड़ी, 41 वर्ष, निवासी कदमा, जमशेदपुर
- कमलेश नारायण दुबे उर्फ शंकर, 41 वर्ष, निवासी कदमा
- सुधीर नारायण बेहरा, 35 वर्ष, निवासी नोवामुंडी, चाईबासा
- गणेश कुम्भकार उर्फ फुचा, 25 वर्ष, निवासी गम्हरिया, सरायकेला-खरसावां
बरामद सामान
एक देशी पिस्टल
इनोवा कार (JH-05AN-7303)
चार मोबाइल फोन
₹10,69,700 नकद
पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल बाकी फरार अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान जारी है।