जमशेदपुर।
अनुसूचित जनजाति समन्वय समिति ने शुक्रवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे पहले समिति के बैनर तले सैकड़ों लोग साकची आमबगान मैदान से जुलूस निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुँचे और नारेबाजी की।
समिति का आरोप है कि लंबे समय से अंचल कार्यालय से अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं हो रहा है। इसके कारण छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा में नामांकन और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं, प्रमाण पत्र की अनुपलब्धता से सरकारी योजनाओं और अन्य क्षेत्रों में भी कठिनाइयाँ बढ़ गई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पहले जब झारखंड, बिहार का हिस्सा था, तब जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया जाता था। लेकिन अब यह सुविधा बाधित हो गई है, जिससे अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
समाज के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री से अविलंब व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान जिला उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को एक मांग पत्र सौंपा गया।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की सुविधा शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।