चाकुलिया। चाकुलिया नगर पंचायत के पुराने बाजार स्थित बिरसा मुंडा चौक का नवीनीकरण और विकास कार्य 6 अक्टूबर 2025 से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस कार्य का शिलान्यास 1 सितंबर 2025 को विधायक समीर मोहंती ने नारियल फोड़कर किया था।
विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा था कि चौक का चबूतरा और रेलिंग काफी समय से टूटे हुए थे। उन्होंने बताया कि नगर विकास फंड के तहत प्रस्तावित यह योजना कुल 17,94,615 रुपये की लागत से एसओए इस्टेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संपन्न की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और योजना को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस मौके पर गोपन परिहारी, धनंजय करुणामय, शिव चरण हांसदा, गौतम दास, मो गुलाब, असगर खान, राम बास्के, निर्मल महतो, कृति सुंदर महतो सहित कई स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सांसद प्रतिनिधि ने उठाया था विरोध
शिलान्यास कार्यक्रम की सूचना सांसद विद्युत वरण महतो को नहीं दी गई थी। इस बात पर सांसद प्रतिनिधि पार्थो सारथी महतो ने कार्य का विरोध जताया। उन्होंने संवेदक को फटकार लगाते हुए कहा कि शिलान्यास की सूचना सांसद को देना प्रोटोकॉल का हिस्सा है। संवेदक ने जवाब में कहा कि यह एक ऑफिसियल विकास कार्य है और सूचना देना भी ऑफिस का जिम्मा है।
स्थानीय लोग का कहना है कि वे अब नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे और उम्मीद जताई जा रही है कि बिरसा चौक जल्द ही व्यवस्थित और सुरक्षित रूप से तैयार होगा।