Responsive Menu
Add more content here...

घाटशिला उपचुनाव: आजसू पार्टी ने एनडीए के निर्णय को बताया अंतिम, अकेले चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम

Spread the love

घाटशिला/डेस्क – झारखंड की घाटशिला विधानसभा सीट पर प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, आजसू पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के फैसले के अनुसार ही आगे बढ़ेगी। रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू एनडीए का अहम घटक है, और गठबंधन के भीतर जो भी निर्णय लिया जाएगा, वही पार्टी की रणनीति की आधारशिला होगी।

आजसू पार्टी के इस रुख से यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि वह घाटशिला सीट से कोई स्वतंत्र उम्मीदवार नहीं उतारेगी, बल्कि भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के तहत ही साझा प्रत्याशी पर सहमति बनेगी।

चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को गति दे दी है। वहीं, आजसू पार्टी के इस बयान को गठबंधन धर्म की प्राथमिकता के रूप में देखा जा रहा है।

ज्ञात हो कि आजसू पार्टी झारखंड में भाजपा की लंबे समय से सहयोगी रही है और दोनों दल कई चुनावों में गठबंधन कर एक साथ मैदान में उतरते रहे हैं। ऐसे में घाटशिला सीट को लेकर भी अंतिम निर्णय एनडीए के भीतर आपसी सहमति से ही तय किया जाएगा।