चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) :
पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रही गृह रक्षा वाहिनी की भर्ती प्रक्रिया को लेकर ग्रामीण युवाओं में नाराजगी है। इस भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर भेदभाव का आरोप जेएलकेएम युवा मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष शंखदीप महतो ने लगाया है।
शंखदीप महतो के अनुसार, भर्ती में तकनीकी कौशल के आधार पर आवेदन का विकल्प केवल शहरी क्षेत्रों के अभ्यर्थियों तक सीमित रखा गया है। इसका सीधा असर यह हुआ कि ग्रामीण पृष्ठभूमि के कई योग्य और तकनीकी दक्ष युवा इस अवसर से वंचित रह रहे हैं।
उन्होंने इसे ग्रामीण प्रतिभाओं के साथ अन्याय करार देते हुए कहा कि यह नीति उन मेहनती युवाओं के अधिकारों को छीने हुए है जो कठिन परिश्रम और विभिन्न माध्यमों से तकनीकी दक्षता हासिल कर चुके हैं।
शंखदीप महतो ने जिला प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि तकनीकी स्किल का अवसर ग्रामीण अभ्यर्थियों को भी समान रूप से प्रदान किया जाना चाहिए, ताकि सभी युवाओं को गृह रक्षा वाहिनी में न्यायपूर्ण और समान अवसर मिल सके।