चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड के बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत स्थित भालुकनाला गांव में डायरिया का प्रकोप अब नियंत्रण में बताया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रंजीत मुर्मू के निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की एक टीम प्रभावित गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) शकुंतला कुमारी, एएनएम रीता कुमारी सिन्हा तथा एमपीडब्ल्यू तड़ित महतो शामिल थे। टीम ने ग्रामीणों से मुलाकात की, बीमार लोगों की स्थिति जानी और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। राहत की बात यह रही कि रविवार को कोई नया डायरिया पीड़ित सामने नहीं आया।
इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीज सोबन सिंह और सुमित्रा मुंडा का इलाज जारी है, दोनों की हालत में अब काफी सुधार है।
गौरतलब है कि पिछले आठ दिनों से भालुकनाला गांव में डायरिया का प्रकोप बना हुआ है। बीमारियों की मुख्य वजह का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। गांव के दोनों सोलर जलमीनार कई दिनों से खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीण जर्जर कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं। इस कारण पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रति ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी देखने को मिल रही है।