चाकुलिया | संवाददाता (रोहन सिंह) | 5 अगस्त 2025
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। इसी क्रम में सोमवार को चाकुलिया प्रखंड स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यालय में एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुजी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
फूल अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, मौन रखा गया
शोकसभा में झामुमो कार्यकर्ताओं ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। माहौल भावुक था और हर चेहरा गुरुजी की याद में ग़मगीन नजर आया।
प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से:
प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय
प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया शिवचरण हांसदा
बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया साहेब राम मांडी
मुखिया विशाल बारिक, जादू नाथ हेम्ब्रम, फुलमनी मांडी, मंजु टुडू
सामाजिक कार्यकर्ता राम बास्के, भृति सुंदर महतो, निर्मल महतो, मनोज महतो
युवा नेता मनोज गोप, संजय गोप और बबलू हेंब्रम
सभी ने गुरुजी के विचारों को याद करते हुए उन्हें झारखंड आंदोलन का सच्चा स्तंभ बताया।
लोगों ने क्या कहा?
प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय ने कहा, “गुरुजी न केवल एक राजनेता, बल्कि एक विचारधारा थे, जिन्होंने हमें पहचान दी। उनका जाना अपूरणीय क्षति है।”
मुखिया शिवचरण हांसदा ने कहा, “आज हम एक युग को विदा दे रहे हैं। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे।”