चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) :
चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र के कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
मृतका की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान कालियाम पंचायत अंतर्गत बुरूजबनी गांव निवासी हीरामणी मुर्मू (लगभग 55 वर्ष) के रूप में की गई है। मृतका की पहचान उनके भतीजे लक्ष्मण हांसदा ने की।
सूचना पर पहुंची जीआरपी
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह जीआरपी के पदाधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दतवन और साल पत्ता बेचकर चलाती थीं जीवन
स्थानीय जानकारी के अनुसार हीरामणी मुर्मू दतवन और साल का पत्ता बेचकर जीविकोपार्जन करती थीं और इसी सिलसिले में अक्सर ट्रेन से जमशेदपुर जाया करती थीं।
ट्रैक पार करते समय हादसे की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि महिला पानी लाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधूरा फुट ओवर ब्रिज बना खतरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोकपाड़ा स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक से टिकट काउंटर तक जाने के लिए प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पिछले तीन वर्षों से अधूरा है। इस कारण यात्रियों को मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।