चाकुलिया, संवाददाता (रोहन सिंह) : – कल्याण विभाग के तहत एसएलएडी घाटशिला द्वारा ससंचालित चाकुलिया प्रखंड के अनुसूचित जाति-जनजाति आवासीय बालक प्राथमिक विद्यालय, आंधारिया में रविवार को बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार महंती ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिनमें बच्चों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन न दिया जाना, दूध की कमी और रसोइया द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायतें शामिल रहीं।

विधायक ने विद्यालय के छात्रावास, रसोईघर, शौचालय और कक्षाओं का निरीक्षण किया। छात्रावास में कुल 60 में से केवल 42 बच्चे उपस्थित मिले। बच्चों ने बताया कि उन्हें न तो मेनू के अनुसार भोजन दिया जाता है और न ही फल या पौष्टिक आहार मिलते हैं।
विधायक ने स्कूल के प्रधानाध्यापक राधा मोहन प्रसाद से पूछताछ की और कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “बच्चों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं होगा।” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि आगे यदि ऐसी शिकायतें दोबारा मिलती हैं, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूध की आपूर्ति में अनियमितता
विधायक ने दूध आपूर्ति की भी जांच की। उन्हें बताया गया कि प्रतिदिन 5 लीटर दूध मंगाया जाता है, जबकि 42 छात्रों को 200 मिलीलीटर के हिसाब से कम से कम 8.2 लीटर दूध की आवश्यकता होती है। इससे यह स्पष्ट हुआ कि बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार दूध नहीं दिया जा रहा।
रसोइया पर गंभीर आरोप
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय का रसोइया कंचन महतो उनसे जबरन शरीर की मालिश करवाता है, और मना करने पर उन्हें पीटता व गाली-गलौज करता है। विधायक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया।

चिकन को लेकर भ्रम
रविवार को मिड-डे मील में चिकन परोसा गया, लेकिन 12 छात्रों ने इसे खाने से इनकार कर दिया। पूछताछ में छात्रों ने बताया कि उनके शरीर में घाव हो गए हैं। विधायक ने छात्रों को समझाया कि चिकन से घाव नहीं होते, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है।
स्कूल पहुंचने में कठिनाई
छात्रों ने यह भी बताया कि उन्हें खेत की मेड से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्कूल तक जाने के लिए समुचित रास्ता बनाया जाएगा।

विधायक का निर्देश
विधायक महंती ने कहा कि आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य बच्चों को घर से दूर एक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण माहौल प्रदान करना है, जिसमें भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य की पूरी जिम्मेदारी राज्य की होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले पर वे नज़र बनाए रखेंगे और बच्चों को उनका पूरा हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मौके पर झामुमो नेता गोपन, राज मिश्रा, माधव सिंह राजेश सिंह, विशाल बारीक,नगर सचिव सुजीत दास, मोहन माइती, सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।