चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह ) : नगर पंचायत क्षेत्र के व्यापक विकास को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। मास्टर प्लान के तहत चाकुलिया में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के लिए मंगलवार से सर्वेक्षण कार्य की आधिकारिक शुरुआत की गई। यह परियोजना शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है।
गंदे पानी के उपचार पर होगा फोकस
नगर क्षेत्र के विभिन्न नालों से निकलने वाले गंदे व प्रदूषित पानी को उपचारित कर पर्यावरण अनुकूल बनाना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। STP के बन जाने से न केवल स्थानीय जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा, बल्कि शहर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित होगा।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ सर्वे
सर्वेक्षण प्रक्रिया नगर प्रशासक मोटाय बानरा की देखरेख में संपन्न हुई। उन्होंने स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और परियोजना को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
मौके पर नगर प्रबंधक अनंत कुमार खलखो, कनीय अभियंता रोहित लकड़ा, मीता राय सहित ज़ुडको मार्स टीम के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
नगरवासियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर की सीवरेज व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण में यह प्लांट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे चाकुलिया शहरी विकास के दिशा में एक कदम और आगे बढ़ेगा।