चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शुक्रवार को चाकुलिया थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद ने की, जबकि संचालन समिति सदस्य रवींद्र नाथ मिश्रा ने किया।
बैठक में एसडीओ ने पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और श्रद्धालुओं के लिए महिला व पुरुषों हेतु अलग प्रवेश द्वार बनाने का आदेश दिया। साथ ही, राज्य सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
एसडीओ ने थाना प्रभारी संतोष कुमार को हर प्रमुख चौक-चौराहे पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, नगर प्रबंधक को सड़कों पर लगे खराब लाइटों की मरम्मत और अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए सभी समितियों को आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी।
उन्होंने पूजा विसर्जन के दिन डीजे का प्रयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित करने और अंचल अधिकारी नवीन पुरती को शहरी क्षेत्र में सड़क किनारे जमा बालू व ईंट जब्त करने का निर्देश दिया।
बैठक में एसडीपीओ अजीत कुमार कुजुर ने नगर प्रबंधक प्रभात मिंज को शहर में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। समिति सदस्यों ने नगर पंचायत से पूजा से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और बिरसा चौक स्थित सार्वजनिक शौचालय की सफाई कराने की मांग रखी।
सदस्य टुलू साव ने बैठक में नो-एंट्री नियम का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, नगर प्रबंधक प्रभात मिंज, बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुशांत हेंब्रम, शिव मंगल सिंह, रमाकांत शुक्ला, रवि तिवारी, असगर हुसैन, पतित दास, गणेश प्रसाद रुंगटा, मिन्हाज अख्तर, मुरारी शर्मा, टुलू साव, परमानंद सिंह, सतदल महतो, साइमंस कुमार, विश्वजीत भोल, संजय दास, मौसमी मल्लिक समेत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।