चाकुलिया संवाददाता (रोहन सिंह) : वार्षिक वेतन वृद्धि को लेकर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की चाकुलिया प्रखंड इकाई की बैठक बुधवार को प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिव शंकर पोलाई ने की।
बैठक में अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में वित्त विभाग द्वारा जारी एक पत्र में कहा गया है कि चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को छोड़कर अन्य सभी कर्मचारियों को हिंदी टिप्पण प्रारूपण परीक्षा पास करना अनिवार्य किया गया है, तभी उन्हें वार्षिक वेतन वृद्धि दी जाएगी। जबकि अविभाजित बिहार सरकार के आदेश के अनुसार यह नियम केवल प्रधानाध्यापक और लिपिक पद पर लागू होता है।
चयनात्मक वेतन वृद्धि पर जताई आपत्ति
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि चाकुलिया, पटमदा और बोड़ाम प्रखंड में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी द्वारा कुछ शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि सेवा पुस्तिका में दर्ज कर दी गई है, जबकि कई शिक्षकों को यह लाभ नहीं मिला है। इससे शिक्षकों के बीच असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
संघ का कहना है कि जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा जिला लेखा पदाधिकारी से इस विषय में मार्गदर्शन मांगा गया है, परंतु स्पष्ट निर्देश न होने के बावजूद चयनात्मक रूप से वेतन वृद्धि करना अनुचित और भेदभावपूर्ण है।
महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि:
- सभी शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि सुनिश्चित की जाए।
- संघ की मासिक बैठक अब हर महीने की 23 तारीख को आयोजित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्य:
प्रखंड अध्यक्ष मणीन्द्रनाथ टुडू, सचिव सुनील कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष मृणाल कर, तथा सदस्यगण सुनील कुमार बेरा, शक्ति पद बारीक, माधव चंद्र मुर्मू, रंटू दास, बिमल महतो, देवव्रत मैती, तपन कुमार महतो, जगदीश चंद्र महतो, कृष्ण पद महतो, युधिष्ठिर प्रसाद, संजीब नामता, कौशिक महतो, सुखेंदु महतो, हेमंत मंडल समेत अनेक शिक्षक मौजूद थे।