Responsive Menu
Add more content here...

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया बाबईदा गांव का दौरा, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा

Spread the love

धालभूमगढ़, 28 जुलाई 2025:
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सोमवार को धालभूमगढ़ प्रखंड के रावताड़ा पंचायत अंतर्गत बाबईदा गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में बुनियादी सुविधाओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। खड़िया जनजाति बहुल इस गांव में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर प्रत्यक्ष रूप से उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं।

विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति पर विशेष ध्यान

बाबईदा के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, मध्याह्न भोजन वितरण और शैक्षणिक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। नवनिर्मित भवन में बिजली कनेक्शन लंबित पाए जाने पर उन्होंने दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और शौचालयों के नियमित उपयोग पर भी बल दिया।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में पाया गया कि वह अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। उपायुक्त ने पोषण आहार, टीकाकरण और पूर्व-प्रारंभिक शिक्षा गतिविधियों की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जल्द उपयुक्त भूमि चिन्हित कर स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण

उपायुक्त ने बाबईदा स्थित आयुष्मान भारत स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति, रोगियों की संख्या और पंजी संधारण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवश्यक दवाओं का स्टॉक नियमित रूप से अपडेट रखा जाए और स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।

योजनाओं की समीक्षा और ग्रामीणों से संवाद

उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए यह जाना कि उन्हें मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना, पेंशन, पेयजल, सड़क, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ हर हाल में पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

उपस्थित पदाधिकारी

निरीक्षण के दौरान एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, बीडीओ बबली कुमारी, सीओ समीर कच्छप, एमओआईसी और अन्य प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।